संभल में सपा समर्थक कर रहे हैं रात-दिन EVM की निगरानी

ईवीएम स्ट्रांग रूम की जाली टूटने का वीडियो वायरल होने पर ईवीएम से छेड़छाड़ किए जाने की आशंका में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हंगामे के बाद से जिला प्रशासन ने सुरक्षा और कड़ी कर दी है। प्रशासन ने प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल ले जाने पर भी रोक लगा दी है। वहीं दूसरी ओर प्रत्याशियों के प्रतिनिधि भी स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे हैं। इसके लिए बाकायदा स्ट्रांग रूम के बाहर टेंट लगाया गया है।

Electronic Voting Machines
EVM Machines Sambhal District
बदायूं लोकसभा की गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र के ईवीएम स्ट्रांग रूम की जाली टूटने का वीडियो गुरुवार की सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने ईवीएम से छेड़छाड़ करने के शक में घमासान मचा दिया था। संभल के सपा प्रत्याशी शफीकउर्रहमान बर्क और बदायूं के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव के समर्थकों ने स्ट्रांग रूम पर जमकर हंगामा काटा था। सपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों को जिला प्रशासन ने ईवीएम स्ट्रांग रूम में भ्रमण कराकर संतुष्ट करने का दावा किया था।जिला प्रशासन ने इसके बाद से ही स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और बढ़ा दी है।

बाहरी सुरक्षा में अधिक पुलिस बल बढ़ाया गया। अफसर भी दिन भर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। अब मेन गेट पर प्रवेश करते ही बैरियर लगाए गए हैं। वहां पर मेटल डिटेक्टर भी लगाया गया है। जहां से सघन चेकिंग के बाद ही कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी और अफसरों को अंदर प्रवेश दिया जाएगा है। वहीं सपा और अन्य प्रत्याशियों के प्रतिनिधि भी इसके प्रति सजग हैं और वह ईवीएम की दिन-रात निगरानी कर रहे हैं।

स्ट्रांग रूम के अंदर प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों ने की निगरानी

जिला प्रशासन ने ईवीएम की सुरक्षा को लेकर कोई सवालिया निशान न उठे इसके लिए प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों को अंदर बैठने के लिए एक टेंट लगाया है। जहां पहुंचने के लिए जिला प्रशासन की ओर से प्रतिनिधियों को पास जारी किए गए। सपा प्रत्याशी प्रतिनिधि सहित निर्दल प्रत्याशी भी इस टेंट में बैठकर ईवीएम की निगरानी कर रहे हैं। उन्हें जिला प्रशासन की सुरक्षा पर भरोसा नहीं है। यह प्रतिनिधि आठ-आठ घंटे की ड्यूटी दे रहे हैं।

सपा ने स्ट्रांग रूम के बाहर टेंट लगाकर बनाया निगरानी स्थल

समाजवादी पार्टी ने स्ट्रांग रूम के बाहर ईवीएम से किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो और उसके प्रत्याशी को हार का सामना ना करना पड़े इसकी निगरानी के लिए टेंट लगाया है। जहां पर उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को बैठने की 24 घंटे की व्यवस्था की है। अलग-अलग शिफ्ट में कार्यकर्ता बैठकर स्ट्रांग रूम पर निगरानी रख रहे हैं। सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने पहुंचकर निगरानी की और अपने कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिये।

प्रशासन ने दी सफाई, ईवीएम से नहीं हुई कोई छेड़छाड़, खिड़की से घुस गया था “तोता"
Powered by Blogger.